Skip to main content

सुंदरलाल बहुगुणाः 10ः क्या हैं जंगल के उपकार, मिट्टी पानी और बयार

      सिल्यारा गांव में पनचक्की चलाते सुंदर लाल बहुगुणा



  पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों का हाल जानते सुंदर लाल बहुगुणा


 सुंदरलाल बहुगुणाः 10ः  क्या हैं जंगल के उपकार, मिट्टी पानी और बयार

चिपको आंदोलन की शुरुआत वन पर गांवों के अधिकार के विचार के साथ हुई। तब यह सोच उपजी कि वनों के व्यापारिक दोहन से ही वन समाप्त हो रहे हैं। ठेकेदार मुनाफे के लिए आवंटित पेड़ों से कई ज्यादा पेड़ काट डालता है। नुकसान स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ता है। ऐसे में वन सहकारी समिति के माध्यम से स्थानीय लोगों को वन आधारित रोजगार का विचार पनपा। उत्तराखंड सर्वोदय मंडल की स्थापना हुई और आनंद सिंह बिष्ट इसके अध्यक्ष बने। सर्वोदय सेवकों ने अपनी संस्थाओं के माध्यम से वन आधारित उद्योग लगाने शुरू कर दिए। चंडी प्रसाद भट्ट ने दशोली ग्राम स्वराज मंडल की स्थापना की। दशोली ग्राम स्वराज मंडल को अपनी आरा मशीन के लिए पांच पेड़ नहीं मिले उधर खेलकूद का सामान बनाने वाली इलाहाबाद की साइमन कंपनी को मार्च 1973 में चमोली जिले में अंगू के हजारों पेड़ आवंटित कर दिए गए। साइमन कंपनी ने देहरादून की सरकारी स्पोट्रर्स कंपनी के सहयोग से चमोली में पेड़ काटने की योजना बनाई। अंगू के पेड़ से ग्रामीण खेतों में हल जोतने के लिए बैलों का जुआ बनाते हैं। इससे ग्रामीणों में असंतोष पनप गया। मंडल और फाटा में ग्रामीणों ने आंदोलन कर जंगल से कंपनी के मजदूरों को पेड़ नहीं काटने दिए। जून से दिसंबर के बीच कई प्रयासों के बावजूद कंपनी ग्रामीणों के आंदोलन के चलते पेड़ नहीं काट पाई और उल्टे पांव लौट गई। जोशीमठ के पास रेणी में गौरा देवी की अगुवाई में वहां की महिलाओं ने वन काटने आए मजदूरों को बैरंग लौटने को मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा हम अपने पाले पोसे पेड़ों को कटने नहीं देंगे। 

उधर सुंदर लाल बहुगुणा चिपको आंदोलन का संदेश पूरे उत्तराखंड में फैलाने के लिए पैदल निकल पड़े। अपनी यात्राओं के दौरान सुंदर लाल बहुगुणा ने वन विनाश के परिणामों और वन संरक्षण के फायदों को बारीकी से समझा। उन्होने देखा कि पेड़ों में मिट्टी को बांधे रखने और  जल संरक्षण की  क्षमता है। उन्होने देखा कि जिन इलाकों में वन कटान हुआ वहां आपदाएं आईं। उन्होंने कहा कि वनों की असली देन तो मिट्टी पानी और हवा है। तर्क दिया कि वनों का पहला उपयोग पास रह रहे लोगों के लिए हो। उससे उन्हें अपनी जरूरत की चीजें खाद्य पदार्थ, घास, लकड़ी और चारा घर के पास ही सुलभ हों। इससे लोगों में वनों के प्रति वन संरक्षण की भावना बढ़ेगी। उन्होंने नारा दिया- 

क्या हैं जंगल के उपकार मिट्टी पानी और बयार, 

मिट्टी पानी और बयार जिंदा रहने के आधार।

वन कटान का व्यापक विरोध होता देख उत्तरप्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा ने सुंदर लाल बहुगुणा और चंडी प्रसाद भट्ट को बातचीत के लिए 24 अप्रैल 1974 में लखनउ बुलाया। सुंदर लाल बहुगुणा ने अपनी यात्रा के अनुभवों को बताते हुए पहाड़ों में व्यापारिक वन कटान पर तत्काल रोक लगाने की आवश्यकता जतायी। वन कटान पर रिपोर्ट देने के लिए दिल्ली के जाकिर हुसैन काॅलेज के वनष्पति विज्ञान के प्रोफेसर वीेरंद्र कुमार की अध्यक्षता में समिति गठित हुई। समिति अपना काम करती रही लेकिन वनों को काटने के लिए नीलामी प्रक्रिया दोबारा चालू हो गयी। अक्टूबर 1974 में उत्तरकाशी में वनों की नीलामी के विरोध में सुंदर लाल बहुगुणा उपवास पर बैठ गए। यह उपवास उनका दो हफ्ते तक चला।


जारी------  


Comments

Popular posts from this blog

सुंदर लाल बहुगुणा 9: इस तरह हुआ चिपको आंदोलन का उदय

Click here to access english version सुंदर लाल बहुगुणा  और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती विमला बहुगुणा अपनी यात्राओं के दौरान सुंदर लाल बहुगुणा ने वन विनाश के परिणामों और वन संरक्षण के फायदों को बारीकी से समझा। उन्होने देखा कि पेड़ों में मिट्टी को बांधे रखने और जल संरक्षण की  क्षमता है। अंग्रेजों के फैलाए चीड़ और इसी से जुड़ी वन विभाग की वनों की परिभाषा ; जंगलों की देन लकड़ी लीसा और व्यापार भी उनके गले नहीं उतरी। उनका मानना था कि वनों का पहला उपयोग पास रह रहे लोगों के लिए हो। उससे उन्हें अपनी जरूरत की चीजें खाद्य पदार्थ, घास, लकड़ी और चारा घर के पास ही सुलभ हों। उन्होंने कहा कि वनों की असली देन तो मिट्टी,पानी और हवा है। उनकी इसी सोच से बाद में चिपको आंदोलन के नारे : क्या हैं जंगल के उपकरण, मिट्टी पानी और बयार, मिट्टी पानी और बयार, जिंदा रहने के आधार का जन्म हुआ।   उन्होंने वन अधिकारों के लिए बड़कोट के तिलाड़ी में शहीद हुए ग्रामीणों के शहादत दिवस 30 मई को वन दिवस के रूप मे मनाने का 30 मई 1967 में निश्चय किया। इसमें अपने सर्वोदयी साथियों के अलावा सभी से शामिल होने की उन्होंने ...

सुंदर लाल बहुगुणा 2 - जातीय भेदभाव मिटाने की लड़ाई से हुई शुरुआत

अंग्रेजी वर्जन के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://bahugunap.blogspot.com/2025/07/sunder-lal-bahuguna-2-fight-against.html टिहरी राजशाही के खिलाफ श्रीदेव सुमन की लड़ाई को लाहौर से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सुंदर लाल बहुगुणा ने टिहरी रियासत में कांग्रेस के पदाधिकारी के रूप में आगे बढ़ाया। इस बीच 11 जनवरी 1948 को नागेन्द्र सकलानी और मोलू भरदारी को राजशाही द्वारा की गई हत्या से फैली विद्रोह की चिनगारी ने 14 जनवरी 1948 राजशाही का तख्ता पलट दिया। कीर्तिनगर से दोनों शहीदों के शवों को लेकर अपार जनसमूह टिहरी के लिए बढ़ चला। टिहरी के कोने-कोने से जनता  भी 14 जनवरी को मकरैण के लिए साथ में दाल  चावल लेकर  टिहरी पहुंची। जनता में राजशाही के खिलाफ इतना आक्रोश था कि राजतंत्र के लोगों की जान बचाने को टिहरी जेल में बंद करना पड़ा। उसी दिन राजशाही का आखिरी दिन था। प्रजामंडल की सरकार बन गई। तब सुंदर लाल बहुगुणा प्रजामंडल के मंत्री थे लेकिन वे सरकार में शामिल होने की बजाय कांग्रेस के महामंत्री बने। वे घंटाघर के पास कांग्रेस के दफ्तर में रहते थे। तब शराब का प्रकोप जोरों पर था। सबसे खराब स्...

सुंदर लाल बहुगुणा 7: टिहरी में आंदोलन कर पहाड़ में बंद कराई शराब

टिहरी में शराब बंदी के जुलूस में नन्हा प्रदीप (पीरू) वाचस्पति मैठाणी और भवानी भाई सिल्यारा आश्रम के नजदीकी कस्बे में शराब के खिलाफ सुंदर लाल बहुगुणा के नेतृत्व में हुए सफल आंदोलन के बाद तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार ने पहाड़ की शराब की दुकानें बंद कर दीं। लेकिन 1971 के नवंबर में अचानक टिहरी में शराब की दुकान खोल दी गई। सुंदर लाल बहुगुणा  वहां शराब की दुकान के आगे उपवास पर बैठ गए। उनके सहयोगी घनश्ययाम सैलानी, चंडी प्रसाद भट्ट, धर्मानंद नौटियाल, सुरेंद्र दत्त भट्ट, चिरंजीलाल भट्ट, आनंद सिंह बिष्ट, भवानी भाई गांव-गांव जाकर शराब के खिलाफ आंदोलन के प्रचार में जुट गए। जन कवि धनश्याम सैलानी के गढ़वाली गीत ने जन-जन को झकझोर दिया।  गाने के बोल थे: हिटा दिदी, हिटा भुल्यों चला टिहरी जौला दारू कू भूत लग्यूं तै भूत भगौला। महिलाएं घर-बार छोड़कर टिहरी के लिए चल पड़ीं। दिन में धरने पर इस कदर भीड़ जुटने लगी कि शराबियों की शराब की दुकान से शराब खरीदने की हिम्मत नहीं होती थी।ऐसे में शराबी दुकान से रात में शराब खरीद कर ले जाने लगे। वे उपवास पर बैठे सुंदर लाल बहुगुणा को अपशब्द भी क...