Skip to main content

सुंदर लाल बहुगुणा 6 : गांव से शुरू किया शराब के खिलाफ ‌‌‌आंदोलन


सुन्दर लाल बहुगुणा की डायरी से




सुंदर लाल बहुगुणा 6: गांव से शुरू किया शराब के खिलाफ आंदोलन
मीरा बेन के आलावा सुंदर लाल बहुगुणा गांधी जी की दूसरी अंग्रेजी शिष्या सरला बहन के संपर्क में भी आए। यह वही सरला बहन थी जिनके कौसानी आश्रम से तालीम पाकर विमला बहुगुणा ने सुंदर लाल बहुगुणा से शादी के लिए राजनीति छोड़कर गांधी जी के ग्राम स्वराज के विचार को  अमली जामा पहनाने की शर्त रखी थी। टिहरी से 20 मील पैदल दूरी पर सिल्यारा में झोपड़ी डालकर शादी के बाद बहुगुणा दंपत्ति ने ग्राम स्वराज और स्वाबलंबी गांव का प्रयोग सिल्यारा के ग्रामीणों के बीच शुरू कर दिया। इसमें सबसे बड़ी बाधा गांव के युवकों की शराबखोरी थी। बहुगुणा दंपत्ति  ने सिल्यारा में पर्वतीय नव जीवन मंडल की स्थापना के साथ ही गांव में महिलाओं के सहयोग से कच्ची शराब की भट्टियां तुड़़वाईं। पुरुषों से भविष्य में कभी भी शराब नहीं पीने का संकल्प लिवाया गया। बहुगुणा दंपत्ति दिन में गांव में ग्रामीणों के साथ खेतों में काम करते और रात को महिलाओं और बच्चियों को गांव के ऊपर बनी अपनी झोपड़ी में पढ़ाते। दिन में बच्चों के लिए स्कूल भी शुरू कर दिया गया। बहुगुणा दंपत्ति गांव वालों के बीच इस कदर घुल-मिल गए कि दिन में उनके स्कूल में सौ से ज्यादा बच्चे पढ़ने आने लगे लेकिन लड़िकयां और महिलाएं तो घर का काम निपटा कर रात को ही पढ़ने आ पाती थीं। वहां उन्हें पढ़ाई के अलावा सिलाई कताई बुनाई भी सिखाया जाता था।
इस दौरान एक बार बिनोबा भावे ने सुंदर लाल बहुगुणा से कहा कि देश भर में घूम कर गांधी का संदेश फैलाओ। बिनोबा भावे ने  कहा कि यह बुड्ढा तो घूम-घूम कर अपनी हड्डियां तोड़ रहा है और तुम एक जगह बैठे हो। उधर सरला बहन ने भी सुंदर लाल बहुगुणा से कम से कम उत्तराखंड भर में घूम कर गांधी का विचार फैलाने को कहा।
दोनों की सलाह पर सुंदर लाल बहुगुणा सिल्यारा का स्कूल और आश्रम अपनी धर्मपत्नी विमला के हवाले कर लंबी यात्राओं पर निकल पड़े। ऐसी ही एक लंबी पैदल यात्रा के बाद सुंदर लाल बहुगुणा जब सिल्यरा लौटे तो उन्हें पता चला कि सिल्यारा में कुछ लोग फिर से कच्ची शराब बनाने लगे हैं और युवक फिर से नशे की लत में फंस गए हैं। गांव के युवकों को बहुगुणा दंपत्ति ने शराब न पीने का संकल्प लिवाया था। ऐसे में दुखी सुंदर लाल बहुगुणा गांव के नीचे एक पेड़ के नीचे उपवास पर बैठ गए। उन्होंने कहा यह उनका प्रायश्चित है। महिलाओं ने सुंदर लाल बहुगुणा को अनशन तोड़ने का आग्रह करते हुए फर से शराब के खिलाफ अभियान छेड़ने की बात कही। तीन दिन सुंदर लाल बहुगुणा  ने महिलाओं के इस आश्वासन पर अपना उपवास तोड़ा कि यदि उनके पुरुष फिर से शराब पीएंगे तो वे भी घर में अनशन कर देंगी।
इसी बीच वर्ष 1965 में सिल्यारा से कुछ दूर घनसाली कस्बे में शराब की दुकान खुलने की खबर आई। पता चला कि एक स्थानीय व्यापारी को सरकार ने शराब का ठेका दे दिया है। बहुगुणा घनसाली पहुंचे। वहां उन्होंने मद्यिनिषेध समिति बनाई। रामलीला और नाटकों के माध्यम से शराब के दुष्परिणामों से लोगों को अवगत कराया गया।सुंदर लाल बहुगुणा खुद वहां उपवास पर बैठ गए। वहां के कई प्रतिष्ठित लोगों ने शराब की दुकान के विरोध में सुंदर लाल बहुगुणा का साथ दिया। इनमें रिटायर्ड एसडीएम बालकृष्ण नौटियाल और रिटायर्ड जज सुरेंद्र दत्त नौटियाल भी थे। उधर कौसानी आश्रम से सरला बहन भी अपनी टोली के साथ वहां पहुंच गईं। धीरे- धीरे आंदोलन के साथ बड़ी संख्या में लोग और खास कर महिलाएं जुड़ गईं। परिणाम यह रहा कि ठेकेदार शराब की दुकान नहीं खोल पाया। उसके बाद सुंदर लाल बहुगुणा की अगुवाई में लंबगांव, बादशाही थौल चिरिबटिया और चंबा में शराब के खिलाफ व्यापक आंदोलन हुए। मजबूरन सरकार को शराब के ठेके रद्द करने पड़े।
जारी.......






Comments

  1. बहुत सुंदर जानकारी साझा की गई है। धन्यवाद।

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

सुंदर लाल बहुगुणा 9: इस तरह हुआ चिपको आंदोलन का उदय

Click here to access english version सुंदर लाल बहुगुणा  और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती विमला बहुगुणा अपनी यात्राओं के दौरान सुंदर लाल बहुगुणा ने वन विनाश के परिणामों और वन संरक्षण के फायदों को बारीकी से समझा। उन्होने देखा कि पेड़ों में मिट्टी को बांधे रखने और जल संरक्षण की  क्षमता है। अंग्रेजों के फैलाए चीड़ और इसी से जुड़ी वन विभाग की वनों की परिभाषा ; जंगलों की देन लकड़ी लीसा और व्यापार भी उनके गले नहीं उतरी। उनका मानना था कि वनों का पहला उपयोग पास रह रहे लोगों के लिए हो। उससे उन्हें अपनी जरूरत की चीजें खाद्य पदार्थ, घास, लकड़ी और चारा घर के पास ही सुलभ हों। उन्होंने कहा कि वनों की असली देन तो मिट्टी,पानी और हवा है। उनकी इसी सोच से बाद में चिपको आंदोलन के नारे : क्या हैं जंगल के उपकरण, मिट्टी पानी और बयार, मिट्टी पानी और बयार, जिंदा रहने के आधार का जन्म हुआ।   उन्होंने वन अधिकारों के लिए बड़कोट के तिलाड़ी में शहीद हुए ग्रामीणों के शहादत दिवस 30 मई को वन दिवस के रूप मे मनाने का 30 मई 1967 में निश्चय किया। इसमें अपने सर्वोदयी साथियों के अलावा सभी से शामिल होने की उन्होंने ...

सुंदर लाल बहुगुणा 2 - जातीय भेदभाव मिटाने की लड़ाई से हुई शुरुआत

अंग्रेजी वर्जन के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://bahugunap.blogspot.com/2025/07/sunder-lal-bahuguna-2-fight-against.html टिहरी राजशाही के खिलाफ श्रीदेव सुमन की लड़ाई को लाहौर से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सुंदर लाल बहुगुणा ने टिहरी रियासत में कांग्रेस के पदाधिकारी के रूप में आगे बढ़ाया। इस बीच 11 जनवरी 1948 को नागेन्द्र सकलानी और मोलू भरदारी को राजशाही द्वारा की गई हत्या से फैली विद्रोह की चिनगारी ने 14 जनवरी 1948 राजशाही का तख्ता पलट दिया। कीर्तिनगर से दोनों शहीदों के शवों को लेकर अपार जनसमूह टिहरी के लिए बढ़ चला। टिहरी के कोने-कोने से जनता  भी 14 जनवरी को मकरैण के लिए साथ में दाल  चावल लेकर  टिहरी पहुंची। जनता में राजशाही के खिलाफ इतना आक्रोश था कि राजतंत्र के लोगों की जान बचाने को टिहरी जेल में बंद करना पड़ा। उसी दिन राजशाही का आखिरी दिन था। प्रजामंडल की सरकार बन गई। तब सुंदर लाल बहुगुणा प्रजामंडल के मंत्री थे लेकिन वे सरकार में शामिल होने की बजाय कांग्रेस के महामंत्री बने। वे घंटाघर के पास कांग्रेस के दफ्तर में रहते थे। तब शराब का प्रकोप जोरों पर था। सबसे खराब स्...

सुंदर लाल बहुगुणा 3 मंदिर ईश्वर सबके

जो शिल्पकार भगवन की मूर्ति गढ़े मंदिर स्थापना के बाद उसको ही उस मूर्ति के दर्शन करने को न मिले यह बात शिल्पकारों को कचोटती थी। जातीय समानता के लिए ठक्कर बापा छात्रावास की स्थापना के बाद सुंदर लाल बहुगणा शिल्पकारों को मंदिर प्रवेश के अभियान में जुट गए। इस बीच कांग्रेस के दफ्तर से शुरू हुआ ठक्कर बापा छात्रावास का अपना भवन भी बन कर तैयार हो गया था। सुंदर लाल बहुगणा ने इसके लिए भिलंगना से अपनी पीठ पर पत्थर और रेत भी ढोए। छत के लिंटर केलिए दिन भर रोड़ियां भी फोड़ीं। छात्रावास के छात्रों और टिहरी केप्रसिद्व वकील वीरेंद्र दत्त सकलानी समेत कई लोगों ने पत्थर और रेत पहुंचाने के श्रमदान में हिस्सा लिया। लोग काम पर जाते वक्त एक पत्थर या एक कट्टा रेत का छात्रवास निर्माण के लिए छोड़ देते।       दलितों को समानता का अधिकार दिलाने की मुहिम में सुंदरलाल बहुगुणा को हरिजन सेवक संघ का भी सहयोग मिला। इससे कई उत्साही सवर्ण युवक बहुगुणा की मुहिम से जुड़े। टिहरी के बूढ़ाकेदार के सरोला ब्राह्मण धर्मानंद नौटियाल भी उनमें से एक थे। धर्मानंद नौटियाल  ने तो दलित भरपुरू नगवाण और बादर सिंह राणा को ...